देवरिया : देवरिया शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों में शामिल भीखमपुर रोड पर स्थाई पुलिस चौकी स्थापित करने के लिए समाज सेवी रोहित राय ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह मार्ग शहर के रिहायशी और व्यावसायिक हिस्सों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सड़क मार्ग है, जहां दिनभर लोगों की अच्छी-खासी आवाजाही बनी रहती है।
Cyber Fraud Love Scam: कैसे पहचानें और बचें?
समाज सेवी रोहित राय ने कहा— अपराध रोकने और आमजन की सुविधा के लिए जल्द हो स्थाई व्यवस्था
भीखमपुर रोड के आसपास अंबेडकर नगर, हनुमान मंदिर क्षेत्र और राम गुलाम टोला जैसे घनी आबादी वाले इलाके स्थित हैं। साथ ही इसी मार्ग पर एसबीआई, केनरा बैंक और यूपी ग्रामीण बैंक जैसी प्रमुख बैंक शाखाएं भी मौजूद हैं। इस कारण यह क्षेत्र आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
रोहित राय ने कहा कि इतनी महत्वपूर्ण सड़क होने के बावजूद नगरीय सीमा के भीतर यहां एक भी पुलिस चौकी नहीं है। इससे चोरी, छिनैती और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों में पुलिस का डर नहीं रह जाता। उन्होंने यह भी बताया कि इस मार्ग से आगे एक रास्ता सीधे पड़ोसी राज्य बिहार की ओर जाता है, जिससे अपराधियों को घटना के बाद फरार होने में आसानी होती है।
RelationshipTips: रिलेशनशिप को मजबूत बनाने के ये सीक्रेट टिप्स जानें!
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में शादी-विवाह का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और भी आवश्यक हो जाता है। स्थानीय लोगों को छोटी-छोटी शिकायतों के लिए भी सदर कोतवाली का चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती है।
समाज सेवी रोहित राय ने प्रशासन से मांग की है कि भीखमपुर रोड की नगरीय सीमा में जल्द से जल्द स्थाई पुलिस चौकी स्थापित की जाए, ताकि क्षेत्र में होने वाली आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।


























