गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में एक निजी स्कूल की छत पर लगे मोबाइल टावर को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। आरोप है कि जर्जर भवन में संचालित इस स्कूल में करीब 200 बच्चे पढ़ते हैं, जबकि उसी इमारत की छत पर स्थापित मोबाइल टावर से निकलने वाले रेडिएशन के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर संभावित खतरे की आशंका जताई जा रही है।
अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की कम उम्र को देखते हुए रेडिएशन का प्रभाव गंभीर हो सकता है, इसलिए प्रशासन को मामले की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शासन-प्रशासन से नियमों की जांच कर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल शिक्षा विभाग या नगर प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


























