मुरादाबाद जनपद में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां मामूली कहासुनी के बाद दामाद ने अपनी सास की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी तमंचा लहराते हुए अपने साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
घटना मझोला थाना क्षेत्र के जयंतीपुर इलाके की है। गुरुवार रात करीब 7 बजे कटघर थाना क्षेत्र के पंडित नगला निवासी गुलनवाज़ अपने साथी मुस्तफा के साथ ससुराल पहुंचा, जहां उसकी सास रुखसाना से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर नशे की हालत में पैसों को लेकर विवाद करता था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने अवैध तमंचे से सास के गर्दन के पास गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की बेटी साहिबा ने बताया कि उसकी शादी चार वर्ष पहले गुलनवाज़ से हुई थी और पारिवारिक विवाद के कारण वह मायके में रह रही थी। घटना के समय उसकी मां आरोपी को समझाने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन आरोपी ने गुस्से में आकर गोली चला दी।
मामले में जानकारी देते हुए कुमार रणविजय सिंह, एसपी सिटी ने बताया कि मृतका की बेटी की तहरीर पर आरोपी गुलनवाज़ और उसके साथी मुस्तफा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई भी जारी है।


























