मुरादाबाद मंडल में महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण व सुरक्षित संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मंडल के पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराज जी ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए बताया कि पूरे मंडल में ‘थ्री-लेयर’ सुरक्षा घेरा लागू किया गया है, जिसके तहत ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे और जमीनी स्तर पर पुलिस गश्त के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, रामपुर और बिजनौर जनपदों में कांवड़ मार्गों की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से की जा रही है। कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस जवान श्रद्धालुओं के साथ सड़कों पर पैदल गश्त भी करते नजर आएंगे।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पूरे मंडल में रूट डायवर्जन का मास्टर प्लान लागू कर दिया गया है। भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है तथा वैकल्पिक मार्गों को सक्रिय कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
डीआईजी ने बताया कि सभी थानों को पीस कमेटी की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने और आपसी भाईचारे का संदेश देने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, शांति और व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे तथा श्रद्धालु निर्भय होकर अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।


























