Rajgir Fair Accident: बिहार के नालंदा जिले में आयोजित विश्व प्रसिद्ध राजगीर मलमास मेले में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया.
मेले में लगे स्ट्रिंग झूले से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया.
हादसे के बाद मेले में चीख-पुकार मच गई। वहीं, मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत युवक को अस्पताल पहुंचाया.
राजगीर मेला हादसा में झूले से गिरा युवक
घायल युवक की पहचान नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के बिक्कू गांव निवासी 25 वर्षीय अमन कुमार के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि अमन अपने परिवार के साथ मेला घूमने आया था. इसी दौरान वह अपने चचेरे भाई प्रिंस के साथ झूले पर बैठा.
अचानक बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झूला तेज रफ्तार से घूम रहा था। तभी अचानक अमन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद वह सिर के बल नीचे गिर पड़ा। हादसे के तुरंत बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
राजगीर मेला हादसा के बाद परिजनों का हंगामा
घायल युवक के चचेरे भाई प्रिंस ने बताया कि दोनों साथ में झूला झूल रहे थे, इसी बीच अमन का हाथ छूट गया और वह नीचे गिर गया.
वहीं परिजनों ने झूला संचालकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, उनका कहना है कि सुरक्षा बेल्ट सही तरीके से नहीं बांधी गई थी, इसी वजह से यह हादसा हुआ.
अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से अमन को राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया.
हालांकि हालत गंभीर होने के कारण युवक को बेहतर इलाज के लिए पावापुरी स्थित वर्धमान आयुर्विज्ञान संस्थान (VIMS) रेफर कर दिया गया. फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
राजगीर मेला हादसा के बाद बंद हुए बड़े झूले
घटना के बाद मेला प्रशासन भी सतर्क हो गया. सुरक्षा को देखते हुए मेले में लगे सभी बड़े झूलों का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया है. साथ ही झूलों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी गई है.
राजगीर मेला हादसा की जांच में जुटी पुलिस
मेला थाना प्रभारी जितेंद्र राम ने बताया कि शुरुआती जांच में एक नई बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार युवक झूला झूलते समय मोबाइल से सेल्फी और रील बनाने की कोशिश कर रहा था.
इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा. हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है, साथ ही झूला संचालकों की लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं, लोगों का कहना है कि बड़े झूलों में सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन होना चाहिए. वहीं प्रशासन ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है.

























