रोहतास : जिले में लगातार बढ़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। ठंड से जरूरतमंद, वृद्ध और बेसहारा लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कंबल वितरण और अलाव की व्यवस्था
सासाराम अनुमंडल में अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. नेहा कुमारी के नेतृत्व में विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर असहाय, वृद्ध एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। बिक्रमगंज अनुमंडल में अनुमंडल पदाधिकारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम द्वारा ठंड से प्रभावित लोगों को कंबल उपलब्ध कराया गया।
विभागीय जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा असहाय एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की पहचान कर लगातार कंबल वितरण का कार्य किया जा रहा है। अंचल स्तर पर भी राजस्व एवं प्रशासनिक कर्मियों के माध्यम से यह अभियान चलाया जा रहा है।

नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष व्यवस्था
नगर निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। ठंड के इस मौसम में कोई भी व्यक्ति ठिठुरने को मजबूर न हो इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

आवश्यकता पड़ने पर रैन बसेरों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। सासाराम अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. नेहा कुमारी ने बताया कि हर वर्ष ठंड के मौसम में गरीब और असहाय लोगों के बीच कंबल वितरण एवं अलाव की व्यवस्था की जाती है। इस वर्ष भी इसी उद्देश्य से स्टेशन परिसर सहित अन्य स्थानों पर असहाय और गरीब लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया है। आगे भी अंचल के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी।
यह भी पढ़ें – Moradabad : 65 वर्षीय जाहिद ने 5 साल की मासूम का किया दुष्कर्म


























