कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सियासी हलचल मचाने वाला मामला सामने आया है। हाटा तहसील के सुकरौली नगर पंचायत के भाजपा अध्यक्ष राजनेत कश्यप पर उग्र भीड़ ने हमले की कोशिश की। सिंचाई विभाग की जमीन नाप-जोख के दौरान यह घटना हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। भाजपा नेता ने विरोधियों पर साजिश का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जमीन विवाद की जड़ में छिपी साजिश
नगर अध्यक्ष राजनेत कश्यप ने बताया कि उनके पिता ने कुछ साल पहले जमीन खरीदी थी, जिसका गाटा नंबर अलग है। विरोधियों का दावा था कि कश्यप की जमीन में उनका कुछ हिस्सा आ गया है। ADM की मौजूदगी में धारा 24 के तहत पैमाईश हुई, जिसमें कश्यप की जमीन चारों ओर से सही पाई गई। सिंचाई विभाग ने भी अपनी नहर की जमीन सही ठहराई। फिर भी विरोधियों ने भोले-भाले लोगों को भड़काया।
लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से घेराबंदी, महिलाओं को बनाया हथियार
सिंचाई विभाग की टीम नहर जमीन नापने पहुंची तो राजनेत कश्यप भी मौके पर थे। तभी मनबढ़ों ने लाठियां, डंडे, ईंट-पत्थर लहराते हुए उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि विरोधियों ने घर की महिलाओं को आगे कर अध्यक्ष को घेरने की कोशिश की। हालात बिगड़ गए थे, लेकिन समर्थकों ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें भीड़ से सुरक्षित निकाला। वायरल वीडियो में धक्का-मुक्की और तनाव साफ नजर आ रहा है।
भाजपा नेता का सवाल – आम जनता की सुरक्षा का क्या?
राजनेत कश्यप ने कहा, “विरोधियों ने पहले जमीन विवाद करवाया, अब मेरी जान पर हमला। अगर मुझे कुछ होता है तो इसके जिम्मेदार वे ही होंगे। एसपी से शिकायत करेंगे।” उन्होंने बड़ा सवाल उठाया कि भाजपा की सरकार में भाजपा का ही जनप्रतिनिधि असुरक्षित है, तो आम नागरिकों की क्या स्थिति होगी? स्थानीय लोग भी पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठा रहे हैं।
प्रशासन पर नजरें, होगी कार्रवाई या दबेगा मामला?
फिलहाल सुकरौली नगर पंचायत में तनाव बरकरार है। भाजपा नेता के समर्थक सतर्क हैं, जबकि विरोधी चुप्पी साधे हैं। पुलिस और प्रशासन की भूमिका पर सभी की नजरें टिकी हैं। सख्त कार्रवाई होगी या जमीन विवाद के नाम पर मामला ठंडा पड़ जाएगा, यह आने वाले दिनों में साफ होगा। जिला प्रशासन ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
यह भी पढ़ें – Rohtas : ससुर की हत्या के आरोपी ने अपनाया हथियार तस्करी का धंधा, देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार

























