Advertisement

गले में रस्सी डाली, शरीर झटका खाया और आंखें बाहर आ गईं

कुशीनगर। दूधिया क़ुमक़ुमों की महताबी रोशनी से नहाए हुए शहरों को, चमकती दमकती फ़िज़ाओं को, गुमसुम खड़ी खिड़की से झांकती ऊंची-ऊंची इमारतों को, चौड़ी सड़कों पर चिल्लाती गाड़ियों के बीच हांफती जिन्दगी को, अट्टालिका में अट्टहास करने वाले अफसरों को, सेवक बनने का झांसा देकर रेशमी कालीन पर चहलकदमी करने वाले नये शासकों को, चकचक सफेद कुर्ते पाजामे पहने नई चकाचौंध को, रेशमी साड़ी में लिपटी महिलाओं को, ‘भात’ और मीठे पकवान से कैलोरी बढ़ने की चिंता करने वालों को, कुशीनगर में मजदूर की मौत बहुत हल्की खबर लगेगी.

कुशीनगर में शीशम के पेंड़ की डाली पर गले में रस्सी डाली, शरीर झटका खाया और आंखें बाहर आ गईं, उन चौंड़ी आंखों में झांक कर देखिए.

जनपद कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के बरवा बाजार में शनिवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. आर्थिक तंगी से परेशान एक मजदूर ने खेत में शीशम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली.

UPSC 16वां रैंक : 10वीं, 12वीं, BPSC और अब UPSC में मोनिका श्रीवास्तव ने रचा इतिहास

AyurvedicTips: खाने के साथ पानी पीना सही है या गलत? जानिए आयुर्वेद क्या कहता है


मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 35 वर्षीय जोखन के रूप में हुई है, जो सुकरौली नगर पंचायत के सेमरी महेशपुर का निवासी था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और अपने पीछे पत्नी समेत तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है।

पिता की मौत से बेखबर बेचारे मासूम

बताया जा रहा है कि शनिवार को जोखन अपनी पत्नी के साथ बरवा बाजार के पास एक खेत में मजदूरी करने गया था। इसी दौरान किसी समय उसने खेत में खड़े शीशम के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब पत्नी की नजर पड़ी तो वह पति के शव को पकड़कर फूट-फूटकर रोने लगी। यह दृश्य इतना मार्मिक था कि वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
सबसे हृदयविदारक दृश्य यह रहा कि जहां एक ओर पत्नी अपने पति के शव को पकड़कर बिलख रही थी, वहीं पास में मौजूद उनके मासूम बच्चे इस दर्दनाक घटना से अनजान होकर खेलते रहे।


घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर रामकोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्ट -गिरजेश गोविन्द राव