खड्डा। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। खड्डा थाना क्षेत्र के भुजौली बुजुर्ग गांव में नाले के गहरे पानी में डूबने से दो नन्हे बच्चों की जान चली गई। 3 साल का आर्यन (रमायन सिंह का पुत्र) और ढाई साल का मयंक (दीपलाल सिंह का पुत्र) खेलते समय हादसे का शिकार हो गए। इस घटना ने पूरे गांव को शोक की लहर में डुबो दिया है।
खेलते समय गेंद नाले में गिरी, मासूम फिसल पड़े
गुरुवार को मौसम साफ होने पर दोनों मासूम बच्चे अपने घर के दरवाजे पर बे-खौफ खेल रहे थे। अचानक उनकी गेंद पास के नाबादान नाले में बने पानी से भरे गड्ढे में चली गई। गेंद निकालने के प्रयास में दोनों बच्चे फिसलकर गहरे पानी में जा गिरे। ग्रामीणों के अनुसार नाले का यह हिस्सा बेहद खतरनाक था, जहां गंदा पानी जमा हो गया था।

परिजनों ने बताया कि बच्चे कुछ ही दूर खेल रहे थे। जब काफी देर तक न लौटने पर परिजन बाहर निकले तो बच्चे कहीं नजर नहीं आए। इसी बीच ग्रामीणों ने नाले में हाथ-पैर मारते देखा, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
प्रशासन की तत्काल कार्रवाई, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलते ही SDM रामवीर सिंह और प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। मजिस्ट्रेट की देखरेख में दोनों शवों का पंचनामा भरकर कुशीनगर सदर अस्पताल के लिए पोस्टमार्टम भेज दिया गया।
परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव शोक सभा में डूबा
दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। आर्यन के पिता रमायन सिंह और मयंक के पिता दीपलाल सिंह किसान हैं। मासूमों की मांएं फूट-फूटकर रो रही हैं। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और हर तरफ मातम पसरा हुआ है। पड़ोसियों ने बताया कि दोनों बच्चे हमेशा साथ खेलते थे।

इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और हर आंख नम है।
रिपोर्ट: आनन्द सिंह/खड्डा
यह भी पढ़ें – AMU : हिंदू प्रोफेसर का शॉकिंग आरोप! 27 साल से उत्पीड़न, डीन ने कहा ‘BHU चली जाओ’


























