Advertisement

अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गैंग का पर्दाफाश, 28 लाख की अवैध शराब समेत 4 गिरफ्तार

Interstate Liquor Smuggling

कुशीनगर में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पडरौना पुलिस ने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 142 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की और चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब और वाहनों की कुल कीमत करीब 28 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 13 फरवरी 2026 को यह कार्रवाई की गई। तस्कर बोलेरो वाहन और गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में शराब छिपाकर बिहार ले जा रहे थे। गन्ने के नीचे शराब की खेप छिपाकर तस्करी की योजना बनाई गई थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 58 पेटी रॉयल स्टेज सुपीरियर व्हिस्की (696 बोतल) और 84 पेटी ऑफिसर्स चॉइस (4032 पाउच) सहित कुल 1247 लीटर अवैध शराब बरामद की। साथ ही बोलेरो वाहन और स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में बहादुर यादव, मनोज राय, किशन कुमार यादव और दीपू यादव शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब को बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।