Kushinagar Acid Attack: कुशीनगर (उत्तर प्रदेश) जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 9, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (ग्राम मोरवन इमिलिहा) में बीती रात एक ऐसी घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. अज्ञात हमलावर ने घर में सो रही मां-बेटी पर तेजाब फेंक दिया, जिसमें 25 वर्षीय काजल यादव की मौत हो गई, जबकि उनकी मां लीलावती देवी गंभीर रूप से घायल हैं.
http://AkshayaTritiya2026: इस अक्षय तृतीया पर क्या खरीदें? जानिए सबसे शुभ 4 चीजें!
रात के सन्नाटे में दरिंदगी
घटना रात करीब 1:30 बजे की है. जानकारी के अनुसार, प्रभुनाथ यादव की पत्नी लीलावती (55) और उनकी अविवाहित बेटी काजल घर के अंदर सो रही थीं. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते घर में घुसा और सोती हुई मां-बेटी पर तेजाब डाल दिया. हमलावर ने वारदात को और भयावह बनाते हुए कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे दोनों बाहर निकलकर मदद भी नहीं मांग सकीं.
चीखों से खुली नींद, सामने था खौफनाक मंजर
बरामदे में सो रहे प्रभुनाथ यादव को जब चीखें सुनाई दीं, तो उन्होंने तुरंत दरवाजा खोला. अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए, मां-बेटी तेजाब से झुलसकर दर्द से तड़प रही थीं.
अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
परिजनों ने दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामकोला पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया. काजल यादव (25) शरीर का लगभग 90% हिस्सा झुलसने के कारण इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं लीलावती देवी (55) करीब 10% झुलसी हैं, फिलहाल खतरे से बाहर हैं लेकिन सदमे में हैं.
खुशियों पर टूटा दुख का पहाड़
पीड़ित परिवार के मुखिया प्रभुनाथ यादव हाल ही में पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित कोयला खदान से सेवानिवृत्त होकर गांव लौटे थे, परिवार में पांच बेटियां और एक बेटा है. काजल सबसे छोटी बेटी थी और उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं, इस दर्दनाक घटना से पूरा गांव शोक में डूब गया है.

पुलिस जांच में जुटी, नामजद तहरीर दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे, फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं. ताजा जानकारी के अनुसार, मृतका के भाई अभिषेक यादव ने पुरानी रंजिश के आधार पर दो लोगों अभिमन्यु यादव और छोटू कुशवाहा के खिलाफ नामजद तहरीर दी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.

ग्रामीणों में आक्रोश, न्याय की मांग
इस जघन्य घटना के बाद इलाके में गुस्सा और डर का माहौल है, ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है. लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में कोई ऐसी दरिंदगी करने की हिम्मत न करे.

रिपोर्ट -गिरजेश गोविन्द राव /कप्तानगंज
यह भी पढ़े-DroneTechnology: मुरादाबाद मंडल में रेलवे सुरक्षा के लिए ड्रोन तकनीक की शुरुआत


























