नालंदा: बिहार में एक बार फिर बेख़ौफ़ अपराधियों ने जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताज़ा मामला नालंदा जिले के सरमेरा थाना क्षेत्र के चेरो पंचायत का है, जहाँ देर शाम बदमाशों ने मुखिया पति और रिटायर्ड आर्मी जवान दीनानाथ प्रसाद को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। गोली उनकी जांघ में लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
घटना खटाल के पास उस समय हुई, जब दीनानाथ प्रसाद अपने घर वापस लौट रहे थे। बदमाश पहले से घात लगाए बैठे थे और नजदीक से फायरिंग की। गोली लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) नुरुल हक और सरमेरा थाना अध्यक्ष मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। ASP नुरुल हक ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट है कि बदमाशों ने नजदीक से गोली चलाई है। पुलिस तकनीकी जांच में भी जुटी है।
मॉर्निंग में मूड खराब? बच्चों के लिए ये जादुई Routine आजमाएं!
इधर वारदात के बाद नालंदा मुखिया संघ में भारी आक्रोश है। हुसैना पंचायत के मुखिया सेंटू कुमार ने कहा कि बिहार में फिर से जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाया जा रहा है। हमलोग खुद को बिल्कुल असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
वहीं, घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं तेज हैं, क्योंकि मुखिया के परिवार वाले कुछ भी बताने से परहेज कर रहे हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर एंगल से छानबीन कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
वीरेंद्र कुमार संवाददाता नालंदा

























