नालंदा : जिले में कानून व्यवस्था एक बार फिर कटघरे में खड़ी नजर आ रही है। महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर कर दो लोगों की हत्या कर दी गई। दोनों घटनाओं ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है और आम लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।
बच्चों के झगड़े ने ली किशोर की जान
पहली घटना हर नोट थाना क्षेत्र के सिरचनपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार गांव में बच्चों के बीच मामूली विवाद हो रहा था। इसी दौरान झगड़ा शांत करने पहुंचे किशोर मोहम्मद दिलशाद पर कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। बात इतनी बढ़ गई की दिलशाद को बेरहमी से पीटा गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बच्चों का छोटा सा विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जिससे पूरे गांव में तनाव फैल गया।
गोबर विवाद बना मौत की वजह
दूसरी घटना तेल्हाडा थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव से सामने आई है। यहां गोबर रखने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ जो जल्द ही हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। दोनों ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान, 60 वर्षीय सुबेलाल प्रसाद जो अपने मवेशियों को चारा दे रहे थे, उपद्रियों के निशाने पर आ गए। उन पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, एफएसएल टीम बुलाई गई
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही डीएसपी कुमार ऋषि राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार हो रही हिंसक घटनाओं ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण इलाकों में छोटे-छोटे विवादों का इस तरह जानलेवा रूप ले लेना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
नोट : पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।
– वीरेंद्र कुमार संवादाता नालंदा
यह भी पढ़ें – कुशीनगर में रेड हिल्स ग्रुप पर इनकम टैक्स का बड़ा एक्शन, दो ठिकानों पर सुबह छापामारी






















