नालंदा : बिहार के नालंदा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नूरसराय थाना क्षेत्र के भखरी गांव में 32 वर्षीय महिला की ईंट-पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान सीमा देवी, पति रूदल राम के रूप में हुई है। महिला का शव बोरे में बंद हालत में गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर खेत (खंधा) से बरामद किया गया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
दिल्ली से ससुराल आई थीं सीमा, दो दिन बाद ही मौत
परिजनों ने बताया कि सीमा देवी अपने पति के साथ दिल्ली में रहकर कबाड़ी की दुकान चलाती थी। वह दो दिन पहले ही अपने बेटे के साथ दिल्ली से ससुराल आई थी। गांव में चर्चा है कि अवैध संबंध के शक में इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
मृतका के पिता चंद्रिका राम ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव के ही नीरज, सोनू, बिंदु, चंदन और झुग्नी ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शव को बोरे में भरकर खेत में फेंक दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ इतना पता चला कि बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई है।
डॉग स्क्वाड की मदद से शव बरामद, 5 नामजद
वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डॉग स्क्वायड की मदद से तलाशी अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार 15 जनवरी की शाम करीब 7 बजे नूरसराय थाने को सूचना मिली थी कि भखरी गांव में एक महिला की हत्या कर शव छिपाया गया है। तलाश के दौरान गांव के पास खंधा से लाश बरामद की गई। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
रिपोर्ट : वीरेंद्र कुमार/नालंदा
यह भी पढ़ें – Rohtas : संयुक्त किसान मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन: कलेक्ट्रेट पर धरना


























