नालंदा : जिले के अंतरराष्ट्रीय पर्यटन राजगीर स्थित राजगीर कन्वेंशन सेंटर में 5 दिनों तक चलने वाले नालंदा साहित्य महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, कांग्रेस सांसद शशि थरूर और पद्म विभूषण से सम्मानित प्रख्यात नृत्यांगना सोहन मानसिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर महोत्सव की शुरुआत की। इस ऐतिहासिक मौके ने नालंदा को एक बार फिर साहित्य और संस्कृति के राष्ट्रीय मंच पर स्थापित कर दिया।

राज्यपाल बोले – “नालंदा ज्ञान और विचारों का विश्व केंद्र रहा है”
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि ज्ञान की ऐतिहासिक भूमि नालंदा और पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर उभरे राजगीर में इस तरह के साहित्यिक आयोजन का होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जब कला, साहित्य और विचारों से जुड़े लोग एक मंच पर एकत्र होते हैं, तो सशक्त बौद्धिक संवाद का मार्ग प्रशस्त होता है। राज्यपाल ने नालंदा विश्वविद्यालय की ऐतिहासिक भूमिका उल्लेख करते हुए कहा कि नालंदा ने सदियों तक विश्व को बौद्धिक चेतना की दिशा दी है और ऐसे आयोजनों से ज्ञान एवं संस्कृति का व्यापक प्रसार संभव होता है।

शशि थरूर ने कहा, “साहित्य सम्मेलन परंपराओं और मूल्यों को आगे बढ़ता है”
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञान की शुरुआत भले ही कक्षा से होती हो, लेकिन नालंदा जैसी ऐतिहासिक भूमि पर साहित्य और संस्कृति पर संवाद का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि साहित्य सम्मेलन परंपराओं, विचारों और सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ने का सशक्त मंच होते हैं। शशि थरूर ने राजगीर में आयोजित नालंदा साहित्य महोत्सव को अत्यंत सराहनीय पहल बताते हुए इस साहित्य और संस्कृति के लिए एक महत्वपूर्ण कदम करार दिया।
5 दिनों तक चलेगा साहित्य और संस्कृति का संगम
नालंदा साहित्य महोत्सव 2025 के तहत आगामी 5 दिनों तक साहित्य, संस्कृति और समकालीन विचारों पर आधारित विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त साहित्यकार, चिंतक और कल विशेषज्ञ भाग लेंगे। आयोजन के माध्यम से नालंदा की ऐतिहासिक विरासत को आधुनिक बौद्धिक विमर्श से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
संवाददाता : वीरेंद्र कुमार
यह भी पढ़ें – 69वीं नेशनल बालिका अंडर-17 कबड्डी चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम महाराष्ट्र रवाना


























