शिवहर : जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के मंगुराहां गांव से 7 मार्च से लापता एक नाबालिग लड़की का शव सोमवार को गेहूं के खेत से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुशील कुमार, थाना अध्यक्ष विनय कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शिवहर सदर अस्पताल भेज दिया है।
Digital Literacy कैसे बढ़ाएं: टीनएजर्स के लिए गाइड
मृतका की पहचान मंगुराहां गांव निवासी स्वर्गीय नानटुन पासवान की 14 वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि मुस्कान कुमारी 7 मार्च को अपनी सहेलियों के साथ गांव के बगीचे में खेलने गई थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो 10 मार्च को उसकी मां चंद्रमा देवी ने तरियानी थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर अपहरण करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
RelationshipTips: रिलेशनशिप में दूरी क्यों आती है? जानिए वजह
सोमवार की दोपहर गांव के शशि भूषण कुमार अपने घर से करीब आधा किलोमीटर पश्चिम स्थित गेहूं के खेत में सरसों उखाड़ने गए थे। इसी दौरान उन्हें खेत में एक सड़ा-गला शव दिखाई दिया। इसकी सूचना उन्होंने ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों के अनुसार शव काफी सड़-गल चुका था और उसे जानवरों ने भी नोच खाया था, जिससे शव के कुछ हिस्से अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मुस्कान गांव के ही एक स्कूल में सातवीं कक्षा की छात्रा थी। उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। घर में उसकी मां और तीन छोटे भाई हैं। बेटी का शव मिलने के बाद मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है और मामले की गहराई से छानबीन जारी है।
रिपोर्ट-अजय मिलन, शिवहर


























