जमुई, बिहार : बिहार की सियासत में बुधवार की सुबह तब हलचल मच गई जब जमुई लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण भारती के लापता होने के पोस्टर शहर के कई प्रमुख इलाकों में चिपके मिले। ये पोस्टर केकेएम कॉलेज के मुख्य द्वार, रजिस्ट्री ऑफिस, और कचहरी चौक के पास लगाए गए थे। पोस्टरों पर “लापता सांसद अरुण भारती” लिखा गया था, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पर्चों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और पोस्टर हटा दिए गए। हालांकि, इससे पहले लोगों ने तस्वीरें और वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए थे और अब यह खबर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर सुर्खियां बटोर रही है।
चिराग पासवान के जीजा हैं अरुण भारती
लोजपा (रामविलास) के सांसद अरुण भारती, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के जीजा हैं। यह पोस्टर सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल और गहरी हो गई है। लोगों द्वारा इसे एक राजनीतिक संदेश या असंतोष का संकेत बताया जा रहा है।
दो महीने से क्षेत्र से गायब बताये जा रहे हैं सांसद
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अरुण भारती लगभग दो महीने से जमुई क्षेत्र में दिखाई नहीं दिए हैं। बताया जा रहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उनके अंतिम बार जिले में आने के बाद से वे क्षेत्र में सक्रिय नहीं रहे। यही कारण है कि कुछ स्थानीय कार्यकर्ताओं और मतदाताओं में नाराजगी का माहौल बताया जा रहा है।
किसने चिपकाए पर्चे, अब तक रहस्य बरकरार
अब तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि ये पर्चे किसने लगाए और इसके पीछे मकसद क्या था। प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर जांच की बात कही जा रही है। फिलहाल अरुण भारती या लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
जमुई में “लापता सांसद” पोस्टर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे जनता की नाराजगी बता रहे हैं, तो कुछ इसे विपक्ष की राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं।
रिपोर्ट – A. आलम
यह भी पढ़ें – Kushinagar : बालू माफिया पर प्रशासन का प्रहार, अवैध खनन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज


























