बक्सर, बिहार: बिहार के बक्सर स्थित बक्सर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया. कोर्ट प्रशासन के आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर को विस्फोट से उड़ाने की बात कही गई थी. ईमेल मिलते ही कोर्ट प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और जिला प्रशासन को दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं.
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे कोर्ट परिसर को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षा घेरा बना दिया, एहतियातन पूरे कैंपस को खाली करा लिया गया और आम लोगों के प्रवेश पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई. मौके पर पहुंची डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीम ने मुख्य भवन, रिकॉर्ड रूम, पार्किंग क्षेत्र और सभी प्रवेश द्वारों की बारीकी से जांच शुरू कर दी.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हर संदिग्ध स्थान की सघन तलाशी ली जा रही है और पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके, प्रशासन ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है और मेल भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास जारी है. फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर जांच अभियान जारी रखा गया है.
इस घटना के बाद कोर्ट परिसर में कार्यरत कर्मचारियों, वकीलों और आम लोगों में दहशत का माहौल देखा गया, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करें, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.
https://www.saharasamay.in/wp-content/uploads/2026/02/VID-20260213-WA0001-1.mp4
रिपोर्ट-धीरज कुमार
यह भी पढ़े-अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गैंग का पर्दाफाश, 28 लाख की अवैध शराब समेत 4 गिरफ्तार


























